पटवारियों की "नपाई" ! जैसे ही शुरू की कलेक्टर साहब ने, वैसे ही करोड़पति-अरबपति पटवारियों ने किया सड़कों का रुख-
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तैयारियों को झटका देने के लिए पटवारियों के संगठनों ने लंबी हड़ताल पर जाने का खांका खींच लिया है | उनकी रणनीति को भांपते हुए,सरकार ने भी एस्मा लगाने की चेतावनी दे दी है | बताते है,कि बलौदाबाजार में कलेक्टर साहब ने उन पटवारियों को नापना शुरू कर दिया,जिनके खिलाफ लेन-देन की शिकायतें आम हो चली थी,इसके बाद पटवारियों ने अचानक जमीनों का नाप-जोख़, नामांतरण और अन्य राजस्व मामलों को छोड़ सड़कों की राह पकड़ ली |
हड़ताल और धरना प्रदर्शन में ऐसे पटवारी भी नज़र आए,जो जरूरतमंदों को अपने दफ्तर में कभी ढूंढे नहीं मिलते थे| यही नहीं,लोगों को हैरानी तो,उस वक्त हुई जब धरना प्रदर्शन में कई करोड़पति-अरबपति पटवारियों ने ज़मीन पकड़ ली | वो नीचे बैठकर,अपनी मांगों को दोहरा रहे थे,कलेक्टर की ''नपाई-जपाई'' का दर्द उनके चेहरे पर साफ़ झलक रहा था | बताते है,कि ''लक्ष्मीपति" पटवारियों ने अपने संगठन में ऐसी चाबी भरी की,हड़ताल ने प्रदेश व्यापी रूप ले लिया |
राज्य सरकार ने 15 नवंबर से धान खरीदी का एलान किया है,लेकिन इस तिथी के दस्तक देने से पूर्व पटवारियों के हड़ताली रुख़ ने सरकार की बेचैनी बढ़ा दी है | फ़िलहाल,एस्मा की सुगबुगाहट के बीच पटवारियों की धरना प्रदर्शन टीम को 48 घंटे के भीतर काम पर लौटने की चेतावनी जारी कर दी गई है | तस्दीक की जाती है,कि इस बार किसानों का ख्याल रखने के लिए नीचे से ऊपर तक प्रशासनिक मशीनरी को कस दिया गया है |
नितिन नवीन और स्मृति ईरानी का आगमन,इस बार ''फ़ील गुड'' या फिर वही फटकार ?
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का पहली बार छत्तीसगढ़ आगमन हो रहा है,उनके आने से पूर्व प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दस्तक देने वाली है,ऐसे में बीजेपी कार्यकर्ताओं के चेहरे में "कमल" खिल रहा है,ये और बात है,कि मैडम का पदार्पण फील गुड का एहसास कराएगा या फिर पड़ेगी फटकार ?
इसे लेकर कई नेता और पदाधिकारी पशो-पेश में नज़र आ रहे है,स्वागत-सत्कार,बैनर-पोस्टर,ढोल-नगाड़ा और रैली से लेकर रील बनाने तक के लिए वरिष्ठों से मार्गदर्शन माँगा जा रहा है,पार्टी कार्यकर्ताओं का अनुशासन देखते ही देखते,परवान चढ़ रहा है | स्मृति ईरानी के एक झटके से चाल-चेहरे और चरित्र पर आए सुधार से आम कार्यकर्ताओं ने राहत की साँस ली है,बताते है,कि मंत्री मंडल में फेर बदल की अटकलों को लेकर इस बार "स्मृतियां एलान" पर भी चर्चा छिड़ सकती है | कई राजनैतिक दिग्गज एक बार फिर मंत्री मंडल में फेर बदल के राग अलापने लगे है|
हालाँकि,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ऐसी अटकलों पर कही पहले विराम लगा चुके है,फिर भी बड़े नेताओं के आगमन की घडी का कांटा जिस तेज़ी से घूम रहा है,किसी-किसी नेता जी के दिन फिरने की अटकले भी उतनी ही गति से जोर पकड़ रही है | फ़िलहाल,आदिवासियों को साधने के लिए बीजेपी के तमाम नेताओं की कोशिशे रंग ला रही है, बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह की स्मृतियों को संजोने से जन जातीय समुदाय का कमल के प्रति झुकाव ने भी जोर पकड़ लिया है |
देर से आए लेकिन दुरुस्त आए,वर्दी में महादेव एप्प सट्टे का कारोबार,अब हिसाब-किताब पूछेगी सीबीआई -
छत्तीसगढ़ कैडर के लगभग आधा दर्जन IPS और दर्जन भर ASP,DSP,CSP और थानेदारों पर सीबीआई का शिकंजा कस सकता है,सीबीआई ने इनके ठिकानों पर करीब साल भर पहले छापेमारी की थी | लेकिन,अब तक की विवेचना और चार्जशीट में ऐसे पुलिस अफसरों का जिक्र तक नहीं किया गया था |
जबकि,रायपुर से लेकर दिल्ली तक और ED के दस्तावेजों से लेकर सटोरियों की महफ़िलों में साफ़ तौर पर तस्दीक की जाती थी,कि 2001 बैच के आईपीएस आनंद छाबड़ा,2005 बैच के शेख आरिफ और 2007 बैच के प्रशांत अग्रवाल समेत अन्य पुलिस अधिकारियों को बतौर "प्रोटेक्शन मनी" हर माह लाखों की नगद अदायगी की जाती थी | इन सटोरिए अफसरों की कार्यप्रणाली ने पुलिस की छवि तार-तार कर दिया है |
बावजूद इसके दागी अफसरों का बाल भी बांका नहीं हुआ,सूत्र तस्दीक करते है,कि एजेंसी के अफसरों के फेर बदल होते ही, दागी आईपीएस अफसरों की पुरानी ''सेटिंग'' पर से पानी फिर गया है,इसके साथ ही अब जाँच का दायरा भी बढ़ा दिया गया है | पुरानी फेहरिस्त से नदारद हुए कई नामी-गिरामी सटोरियों पर धर-दबोचे जाने का जोखिम लगातार बढ़ते जा रहा है | इसने,पुलिस महकमे के उन अफसरों की भी नींद उड़ा दी है,जिन्हे भू-PAY राज में तत्कालीन ASI चंद्रभूषण वर्मा हाथों-हाथ नगदी सौंपा करते थे |
ED की गाज का सामना कर रहे चंद्रभूषण वर्मा ने एजेंसी के समक्ष उस ब्यौरे को सौंपा था,जिसमे दुबई से स्वीकृत रकम सीधे आईपीएस अधिकारियों की तिजोरी में जमा होती थी | बताते है,कि सट्टा गैंग के अंतर्राष्ट्रीय प्रमुख सौरभ चंद्राकर की स्वदेश वापसी के साथ ही, कई नेताओं से लेकर अफसरों की बेचैनी बढ़ गई है | सट्टा प्रमोटरों के ''घर वापसी अभियान'' से राजनीति के मैदान के साथ-साथ पुलिस महकमे में भी उथल-पुथल के आसार जाहिर किए जा रहे है |
महादेव एप्प घोटाले से जुड़े दो दिग्गज आरोपियों का सेंट्रल जेल में "महाभारत मिलाप",सुर्ख़ियों में रणनीति -
महादेव एप्प ऑनलाइन सट्टा घोटाले में सीबीआई जांच के विस्तृत दायरे ने छत्तीसगढ़ के राजनैतिक और पुलिसिया गलियारों को गरमा दिया है | दरअसल,''भरत मिलाप'' तो अपने जरूर सुना होगा ? लेकिन,कलयुग में छत्तीसगढ़ की धरा पर इन दिनों "महाभारत मिलाप" और उसकी रणनीति की चर्चाएं आम हो गई है,तस्दीक की जाती है,कि कई दिनों बाद रायपुर सेंट्रल जेल में महादेव एप्प ऑनलाइन सट्टे के दो मुख्य आरोपी गले मिले,फिर गले पड़ने की कवायत में जुट गए |
बताते है,कि रामगोपाल नामक एक आरोपी कई महीनों से जेल की हवा खा रहा है | जबकि,दूसरे "भू-PAY" के खिलाफ इस प्रकरण को लेकर बतौर नामजद आरोपी FIR दर्ज़ है | हालाँकि,पूर्व मुख्यमंत्री जेल के बाहर की हवा खा रहे है | बताया जाता है,कि लगभग 10 हज़ार करोड़ के महादेव एप्प सट्टा घोटाले के कई डिजिटल और दस्तावेजी ऐसे साक्ष्य मिले है,जो कि कांग्रेस के कई नेताओं के लिए मुसीबत साबित हो सकते है |
सूत्र तस्दीक करते है,कि "भू-PAY" राज में ऊपर से नीचे तक कई प्रभारी महोदय को मिली "आर्थिक भेंट" अब कांग्रेस के लिए गले की फ़ांस बन गई है,इसे सट्टा घोटाले से कमाई गई रकम से जोड़कर देखा जा रहा है | यह भी दावा किया जा रहा है,कि ठन-ठन गोपाल ने आला कमान समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के हाथों में नगद रकम के सौंपी थी | उसके बयानों की खबर लगते ही, छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर रामगोपाल अग्रवाल को लेकर हलचल तेज हो गई है |बताते है,कि सेंट्रल जेल रायपुर में दोनों आरोपियों के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। एक आरोपी जेल के भीतर और दूसरा बाहर से दस्तक देकर आपस में क्या रणनीति बना रहे थे ? यह जांच का विषय बताया जा रहा है | इस बातचीत का पूर्ण ब्यौरा तो नहीं मिल पाया,लेकिन जेल से बाहर आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने रामगोपाल की गिरफ्तारी और हिरासत को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए ? और ज्यादा कुछ बोले मौके से चंपत होने में देरी नहीं की |
कहा जाता है,कि इस रणनीतिक मेल-मिलाप के ख़त्म होते ही,एक आरोपी ने सीधे दिल्ली की उडान भर ली | जबकि,दूसरा जेल के ''सीखचों'' के भीतर वापिस कदम नापते हुए अपने ठिकाने की ओर बढ़ गया | आखिर,माज़रा क्या है ? इस महाभारत मिलाप का मक़सद जानने-बुझने के लिए मौके पर तैनात कई लोगों की निगाहें और कान भी पूरे समय व्यस्त दिखाई दिए | बताते है,कि सीबीआई के अगले रुख़ से रायपुर से लेकर दिल्ली तक हड़कंप मचने के आसार है | ठन-ठन गोपाल ने साफ़ कर दिया है,कि सीबीआई ने मुझे "तोते" की तरह बोलने पर लगा दिया है,अब जुबान है,कि रुक ही नहीं रही,सब कुछ साफ़-साफ़ हो रहा है | तस्दीक की जा रही है,कि तोते की बाते लोगों को समझने में देर नहीं लगी | ऑनलाइन बेटिंग एप्प की विवेचना जोरों पर बताई जाती है,रायपुर से लेकर दिल्ली तक सीबीआई को घोटाले के कई अहम् सबूत हाथ लगे है |
असम में बहुपत्नी विवाह पर रोक,छत्तीसगढ़ में उड़ रहे गुलछर्रे-
असम में पति या पत्नी के जीवित रहते दूसरी शादी करने पर अब सरकारी कर्मचारी की नौकरी चली जाएगी। 20 अक्टूबर को जारी आदेश में कहा गया है,कि पति या पत्नी के जीवित रहते दूसरी शादी करने के लिए अब सरकारी अनुमति जरूरी है। सरकार ने यह नियम पुरुष और महिला दोनों ही स्तर के कर्मचारियों-अधिकारियों पर लागू किया है।लेकिन,बीजेपी शासित छत्तीसगढ़ में ऐसा नियम राज्य गठन के उपरांत से ही दंडनीय प्रावधानों में शामिल गया है, ये और बात है,कि नौकरशाही के खास नुमाइंदों ने ऐसे कायदे-कानूनों की धज्जियाँ उड़ा कर "घरवाली'' को बंगले के बाहर वो भी खूंटी में टांग दिया है,छत्तीसगढ़ की तर्ज़ पर नौकरशाही के रवैये से परेशान असम सरकार ने रंगीन मिज़ाजी पर रोक लगाने के लिए "अफसरों" को एक ही पत्नी तक सीमित रखने के लिए ठोस कदम उठाएं है |
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कैबिनेट की बैठक में असम सेवा (अनुशासन और अपील) नियम,1964 में बदलाव के लिए मंजूरी दे कर प्रशासनिक गलियारों में खलबली मचा दी है। नए नियमों के तहत एक से अधिक पत्नी रखने वाले अफसर यदि विभागीय जांच में दोषी पाए जाते है,तो उन्हें बर्खास्त किया जाएगा और भविष्य में सरकारी नौकरी के लिए ''अयोग्य'' तक घोषित करने की कार्यवाही की जाएगी | प्रशासनिक गलियारों से मिली जानकारी के मुताबिक,यहाँ प्रभावित होने वाले कई अफसर बीजेपी शासित छत्तीसगढ़ की दुहाई देते हुए ऐसे नियमों को सिर्फ "खूंटी" में टांगने की वकालत की है | उनकी दलील है,कि हालात को देखते हुए,इन दिनों " डबल इंजन" जरुरी हो गया है |
''सरकार" घर की हो या फिर बाहर की इसकी खूबियां ही कुछ ऐसी है,कि "फ़ील गुड" महसूस कराती है,इससे सरकारी कामकाज निपटाने में जहाँ स्फूर्ति बनी रहती है,वही घर से बाहर तक के सरकारी दौरे कामयाबी के साथ निपट जाते है |उधर,नए नियम के तहत बहुविवाह को सरकारी नौकरी से बर्खास्तगी का आधार बनाया गया है,दोषी ठहराए जाने वाले की न केवल मौजूदा नौकरी जाएगी, बल्कि वे भविष्य में भी सरकारी नौकरी पाने के अयोग्य हो जाएंगे। इस फैसले की घोषणा करते हुए हेमंता बिस्वा सरमा ने कहा, 'असम कैबिनेट ने तय किया है कि अगर असम सरकार का कोई कर्मचारी एक से अधिक विवाह (बहुविवाह) करता पाया जाता है, तो उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा। फ़िलहाल,अखिल भारतीय सेवाओं से जुड़े असम कैडर के कई अफसर डेपुटेशन पर छत्तीसगढ़ आमद दरज करने के लिए जमकर माथापच्ची कर रहे है |
देंखे वीडियो :मुख्यमंत्री साय का दिवाली धमाका ! गिफ्ट बॉक्स के अंदर क्या है ? जानने को बेताब लोग !

टिप्पणियाँ (0)