खुर्सीपार : - चलती ट्रेन के गेट पर खड़े होकर मोबाइल से रील बनाना महाराष्ट्र के एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। रायपुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर के दौरान ट्रैक किनारे मौजूद बदमाशों ने मोबाइल लूटने की कोशिश में युवक के हाथ पर डंडे से हमला कर दिया। चोट लगते ही युवक मोबाइल समेत चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा। हादसे में उसकी जान चली गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 11:45 बजे शिवानी नगर, खुर्सीपार रेलवे ट्रैक के पास हुई। मामले में पुलिस ने हत्या और लूट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


मृतक की पहचान महाराष्ट्र के अमरावती निवासी मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू (25) के रूप में हुई है। वह अपने साथी आसिफ और मोहम्मद निसार (39) के साथ अमरावती से रायपुर जा रहा था। सफर के दौरान फैजान ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर रील बना रहा था। इसी बीच मोबाइल छीनने की कोशिश में दो नाबालिगों में से एक ने उसके हाथ पर डंडा मार दिया। संतुलन बिगड़ने से फैजान ट्रेन से नीचे गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में उसका साथी आसिफ भी नीचे गिरकर घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल फैजान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।