रायपुर : - छोटे बच्चों को रोने से चुप कराने के लिए रातभर मुंह में दूध की बोतल लगाए रखना उनकी सेहत के साथ-साथ दांतों के लिए भी नुकसानदायक साबित हो रहा है। कम उम्र में ही बच्चों के दांतों में सड़न की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इसे मेडिकल भाषा में नर्सिंग बॉटल कैरीज कहा जाता है। दंत विशेषज्ञों के मुताबिक, करीब 10 साल पहले जहां ऐसे मामले हर 100 बच्चों में 2 तक सामने आते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 6 से 7 तक पहुंच गई है। यानी मामलों में तीन से चार गुना तक वृद्धि हुई है। डेढ़ साल की उम्र के बच्चों में भी दांत खराब होने की समस्या सामने आ रही है। इसके अलावा जबड़े का आकार छोटा होने और अक्ल के दांत टेढ़े-मेढ़े निकलने की समस्या भी देखने को मिल रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, रातभर दूध पीने से उसके अवशेष दांतों पर चिपके रहते हैं, जिससे धीरे-धीरे सड़न शुरू हो जाती है। इसके अलावा चॉकलेट, फास्ट फूड और अधिक मीठे व कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थ भी दांतों को नुकसान पहुंचाते हैं। ओरल हाइजीन की कमी और नियमित ब्रश नहीं करना भी इसकी प्रमुख वजहों में शामिल है। शुरुआत में दांतों पर कालापन दिखने पर फिलिंग से समस्या का समाधान किया जा सकता है, लेकिन सड़न बढ़ने और दर्द शुरू होने पर बच्चों को रूट कैनाल ट्रीटमेंट (RCT) तक कराना पड़ रहा है। दांतों को सुरक्षित रखने के लिए बच्चों को दिन में कम से कम दो बार ब्रश कराने, फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट इस्तेमाल करने, मीठी चीजों का सेवन सीमित रखने और पर्याप्त पानी पीने की आदत डालने की सलाह दी जा रही है।

टिप्पणियाँ (0)