नई दिल्ली : - लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। प्रस्तावित बदलावों के विरोध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के नेता आज द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी ने लोकसभा सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और राज्यों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, स्टालिन ने भी तमिलनाडु के हितों और दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व की रक्षा का संकल्प दोहराया है। द्रमुक का कहना है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का निर्धारण करने से उन राज्यों को नुकसान हो सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है।
दूसरी ओर, भाजपा नेता बसवराज बोम्मई ने राहुल गांधी के आरोपों को राजनीतिक डर बताते हुए कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस शासन में 1976 में परिसीमन हुआ था, तब इसे लोकतंत्र के लिए खतरा क्यों नहीं बताया गया। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने परिसीमन पर शरद पवार की पार्टी के रुख को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि राजद सांसद सुधाकर सिंह ने इसे संविधान का उल्लंघन बताया है। समाजवादी पार्टी ने भी अपने सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने और विधेयकों का विरोध करने के लिए व्हिप जारी किया है। अब परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी एकजुटता और सहयोगी दलों के बीच मतभेद, दोनों ही सियासी चर्चा के केंद्र में हैं।

टिप्पणियाँ (0)