नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे पर दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने की कवायद तेज हो गई है। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में बालेन शाह का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें गले लगाया। रेड कार्पेट स्वागत के साथ गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों की मुलाकात हुई और प्रधानमंत्री मोदी तथा बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और आपसी साझेदारी को विस्तार देने पर चर्चा हुई। इस दौरे को दोनों पड़ोसी देशों के बीच रिश्तों में नई ऊर्जा भरने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

इस मुलाकात में तीन अहम मुद्दों पर खास नजर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत नेपाल को विशेष आर्थिक पैकेज देने, गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने और अयोध्या-जनकपुरधाम के बीच 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' शुरू करने जैसे फैसलों पर सहमति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। दोनों प्रधानमंत्रियों इस ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे, जिसका नियमित संचालन 28 नवंबर से प्रस्तावित है। इसके अलावा, 2022 से बंद नेपाली युवाओं की भारतीय सेना में गोरखा भर्ती का मुद्दा भी इस दौरे से जुड़ी उम्मीदों में शामिल है। अग्निपथ योजना को लेकर नेपाल की आपत्ति के बाद भर्ती रुकी थी, ऐसे में अब दोनों देशों के बीच बातचीत से इस पर कोई रास्ता निकलता है या नहीं, इस पर भी नजर रहेगी।