नई दिल्ली : - दिल्ली के जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है। केंद्र सरकार के इस फैसले के बाद अब रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को धरना-प्रदर्शन के लिए तय किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से गठित कमेटी की सिफारिशों के आधार पर इन वैकल्पिक स्थानों की पहचान की गई है। हालांकि, जंतर-मंतर को सूची से हटाने की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने का मामला तब सामने आया, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर पर रोक की मांग को लेकर यहां प्रदर्शन की अनुमति मांगी, लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया। इससे पहले इसी साल जून-जुलाई में पार्टी ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए यहां धरना दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रदर्शन 20 जून से 25 जुलाई तक चला था। अब नए निर्धारित स्थलों पर प्रदर्शन के लिए नियमों और प्रक्रिया को लेकर संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की जानी है।
टिप्पणियाँ (0)