नई दिल्ली में 2 अक्टूबर को प्रस्तावित जंतर-मंतर प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद कर दिए हैं। यह कदम प्रदर्शन और गांधी जयंती कार्यक्रमों के बीच मध्य दिल्ली में भीड़ और आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है।


बंद किए गए स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और INA पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। जंतर-मंतर के आसपास पुलिस और CAPF की तैनाती बढ़ाई गई है, जबकि ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस, पटेल चौक, टॉल्स्टॉय मार्ग, संसद मार्ग और आसपास की सड़कों पर आवाजाही को लेकर एडवाइजरी जारी की है।