लखनऊ: - उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन किया। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पहुंचे। इस बैठक को चुनाव से पहले संगठन की नब्ज टटोलने और आगामी रणनीति तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े समेत केंद्रीय मंत्री, सांसद और प्रदेशभर से आए करीब 2,850 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, चुनावी प्रबंधन, सरकार की योजनाओं का प्रचार और जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है। अमित शाह पार्टी नेताओं को आगामी चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों का रोडमैप और रणनीतिक दिशा देंगे। अब नजर इस बात पर है कि मिशन-2027 के लिए भाजपा किस रणनीति के साथ मैदान में उतरती है।

टिप्पणियाँ (0)