प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर देशवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह लंबा सफर जनता के भरोसे, सहयोग और आशीर्वाद से संभव हुआ है। मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा खुद को एक विद्यार्थी माना और हर जिम्मेदारी से कुछ नया सीखने की कोशिश की। उन्होंने 25 साल के अनुभव को देश की बड़ी पूंजी बताते हुए लोकतंत्र और संविधान के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि अब यह पड़ाव सिर्फ पीछे मुड़कर देखने का नहीं, बल्कि नए संकल्पों को ऊर्जा देने का है। अंतरिक्ष, अर्थव्यवस्था और विकास के क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की बात कहते हुए मोदी ने 'वी विल डू इट' यानी 'हम करके रहेंगे' का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश के लिए निस्वार्थ भाव से काम करना ही उनके जीवन का उद्देश्य रहा है।