रायपुर : - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सुशासन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया। 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी सांगठनिक जिलों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के जोरा स्थित कृषि मंडपम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कवर्धा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और दुर्ग-भिलाई में मंत्री गजेंद्र यादव ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके अलावा बस्तर, सरगुजा, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा समेत अन्य जिलों में भी पार्टी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।
भाजपा के अनुसार, 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और उनके शासन से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ इसी अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
टिप्पणियाँ (0)