मुंबई : - महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने देह व्यापार और मानव तस्करी से जुड़े कथित रैकेट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 35 वर्षीय टीवी अभिनेत्री को सुरक्षित बचाया है। मामले में छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली 39 वर्षीय तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने के बदले पैसे लेने का आरोप है। बचाई गई अभिनेत्री हिंदी टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस को एक एनजीओ से मिली सूचना के बाद 8 अक्टूबर को मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में अंडरकवर ग्राहक भेजकर जानकारी जुटाई गई। इसके बाद छापेमारी कर अभिनेत्री को रेस्क्यू किया गया और सुरक्षा के लिए मुंबई के रेस्क्यू फाउंडेशन में रखा गया। पुलिस का आरोप है कि टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम करने वाली महिलाओं को फोटोशूट के बहाने बुलाकर कथित तौर पर देह व्यापार में शामिल किया जाता था। गिरफ्तार महिला के कथित पुरुष सहयोगी की तलाश जारी है। पुलिस मामले में प्रभावित महिलाओं की संख्या और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
टिप्पणियाँ (0)