सतना : - ट्रक के नीचे आने से एक आवारा कुत्ते की मौत के बाद विवाद बढ़ने और चालक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। ट्रक चालक रंजीत विश्वकर्मा का आरोप है कि कुछ बंदूकधारी लोग दो चारपहिया वाहनों से उसका पीछा करने लगे और उसके साथ मारपीट की। खुद को बचाने के लिए चालक राजमार्ग पर ट्रक छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। चालक का आरोप है कि घटना के बाद करीब 24 घंटे तक उसकी मेडिकल जांच नहीं कराई गई और न ही उसे समय पर इलाज मिला। इस पूरे घटनाक्रम ने मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


जानकारी के मुताबिक, बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ट्रक सहित मझगवां थाने ले गई। मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे का कहना है कि पहले राजमार्ग पर ट्रक खड़ा करने के मामले में चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, इसके बाद मारपीट के आरोपों पर विचार किया जाएगा। वहीं, ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेम लाल कुर्वे ने मामले की जानकारी लेकर जवाब देने की बात कही है। अब सवाल यह है कि अगर चालक के साथ मारपीट हुई है, तो उसकी शिकायत की जांच और चिकित्सकीय सहायता में देरी क्यों हुई? फिलहाल, मारपीट के आरोपों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।