कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक तेज रफ्तार निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसा कोराटागेरे तालुक के तुम्बाडी पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां पावागड़ा से तुमकुरु जा रही बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक गाय आ जाने के कारण आगे चल रही कार के चालक ने रफ्तार धीमी कर दी। पीछे से तेज गति में आ रही बस कार के बेहद करीब पहुंच गई, जिससे टक्कर का खतरा पैदा हो गया।

कार से भिड़ंत बचाने के लिए बस चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, लेकिन तेज रफ्तार के चलते बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोगों को चोटें आईं। राहत की बात रही कि हादसे में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। बस के खाई में गिरने की पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद हादसे का भयावह दृश्य चर्चा में है। मामला कोराटागेरे पुलिस थाना क्षेत्र का है।