उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और घर पर ही उनका इलाज किया जा रहा था। मां के निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे, जहां 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जा रहे थे। दुखद खबर मिलने के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम जारी रखा।

सावित्री देवी के निधन से योगी परिवार में शोक की लहर है। सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री के अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले भी योगी आदित्यनाथ कई मौकों पर अपनी मां से मिलने गांव जा चुके हैं। दो साल पहले जब सावित्री देवी ऋषिकेश एम्स में भर्ती थीं, तब भी मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के दौरान अप्रैल 2020 में पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर लॉकडाउन की परिस्थितियों के चलते योगी आदित्यनाथ उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।