नवा रायपुर : छत्तीसगढ़ में बॉन्डेड MBBS और PG डॉक्टरों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी की मांग कर रहे चिकित्सकों के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जूनियर डॉक्टर्स नेटवर्क (IMA JDN) छत्तीसगढ़ की पहल पर विभाग ने छह सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति बॉन्डेड चिकित्सकों को दिए जा रहे मौजूदा मानदेय की समीक्षा करेगी और उसमें संशोधन की जरूरत पर अपनी अनुशंसा देगी। इसके लिए समिति को 15 कार्यदिवस के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, IMA JDN ने अपने प्रतिवेदन में कहा था कि बॉन्डेड डॉक्टरों को उनकी जिम्मेदारियों और कठिन कार्य परिस्थितियों के अनुपात में पर्याप्त मानदेय नहीं मिल रहा है। संगठन ने ग्रामीण, दूरस्थ और अनुसूचित जनजातीय क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों के लिए क्षेत्र आधारित और प्रोत्साहन आधारित मानदेय व्यवस्था लागू करने की मांग की थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित समिति की अध्यक्षता अपर संचालक इंद्रजीत वर्मा करेंगे। इसमें स्वास्थ्य विभाग के पांच अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं। अब समिति की रिपोर्ट के बाद ही बॉन्डेड MBBS और PG चिकित्सकों के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर आगे का फैसला होगा।

टिप्पणियाँ (0)