ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच शुक्रवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक भारत पहुंच गए हैं। मई 2023 में बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत आया है। मलिक दिल्ली में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में इस तीन दिवसीय फोरम का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन 20 से 22 नवंबर तक चलेगा।

इस फोरम में भारत ने 25 देशों को आमंत्रित किया है, जिनमें से 15 देशों ने भागीदारी की पुष्टि की है। चीन, ईरान, कजाकिस्तान, नेपाल, सऊदी अरब और अन्य देशों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल होंगे। खास बात यह है कि पाकिस्तान को उसके राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री के बजाय जलवायु मंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल भेजना पड़ा है। सम्मेलन का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच साझा सांस्कृतिक विरासत, सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर संवाद को बढ़ावा देना है। आयोजन के दौरान पुराना किला में करीब 3,000 साल पुरानी सभ्यता से जुड़े पुरातात्विक अवशेषों और ऐतिहासिक कलाकृतियों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सुरक्षा और आयोजन की तैयारियों के चलते पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।