पटना : बिहार के सीतामढ़ी में आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में करीब 30 लाख रुपये नकद, 10 लाख रुपये के गहने और पिछले पांच वर्षों में खरीदी गई 14 जमीनों व मकानों के दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, पंचायत समिति सदस्य के रूप में अफजल आलम को महज 10 हजार रुपये मासिक भत्ता मिलता है, जबकि उनके नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति होने के दस्तावेज मिले हैं।छापेमारी में मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड में दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ खरीदी गई 104 डिसमिल जमीन के कागजात भी मिले हैं, जिसका निबंधन मूल्य करीब चार करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अलावा 12 बैंक खातों और भारतीय जीवन बीमा निगम की आठ पॉलिसियों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। EOU ने अफजल आलम के खिलाफ ज्ञात आय से 1.25 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। एजेंसी के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 259.94 प्रतिशत अधिक है। फिलहाल बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच में संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई गई है।