चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने शुक्रवार सुबह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में दस्तक दी। सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच तूफान गोपालपुर तट के आसपास पहुंचा। इस दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और कई इलाकों में भारी बारिश हुई। तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा में बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया है। करीब 4 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनके लिए 9,341 राहत शिविर बनाए गए हैं, जबकि 423 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। खराब मौसम के चलते पूर्वी रेलवे की 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे की 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा 29 ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।

चक्रवात का असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अलावा पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में दिखाई दे रहा है। झारखंड के पांच जिलों धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सात जिलों में यलो अलर्ट है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। वहीं, ओडिशा सरकार के मुताबिक फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। तटीय क्षेत्रों में पुलिस, एनडीआरएफ और ओडीआरएफ की टीमें लगातार निगरानी और राहत-बचाव अभियान में जुटी हैं। चक्रवात का असर छत्तीसगढ़ तक भी पहुंचा है, जहां राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बेमौसम बारिश हुई है।