छत्तीसगढ़ के दो युवक नौकरी की तलाश में रूस पहुंचे, लेकिन अब उनके परिजनों के मुताबिक दोनों वहां गंभीर मुश्किलों में फंस गए हैं। रायपुर के टिकेश्वर साहू (38) और बिलासपुर के विनीत कुमार (21) के परिवारों का आरोप है कि आकर्षक वेतन का लालच देकर उन्हें रूस बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद कथित तौर पर नशीले पदार्थों से जुड़े झूठे मामलों में फंसाकर हिरासत में ले लिया गया। परिजनों का दावा है कि दोनों को 15 से 20 साल तक जेल में रखने या रूसी सेना में शामिल होने का विकल्प चुनने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

मामले को लेकर परिवारों ने अब केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। विनीत की बहन ने हिरासत में प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्हें भोजन में गाय और सूअर का मांस दिया जा रहा है, खाने में थूकने जैसी हरकतें की जाती हैं और विरोध करने पर मारपीट भी होती है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने भारतीय दूतावास से संपर्क कर मदद की कोशिश की है, लेकिन अब दोनों युवकों की सुरक्षित वापसी के लिए सरकार से तत्काल कदम उठाने की गुहार लगा रहे हैं।