
261121025148527
25 करोड़ की रंगदारी केस में शोएब ढेबर को हाईकोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगा ब्रेक...
बिलासपुर : 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से विदेशी नंबर के जरिए व्हाट्सएप पर कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये मांगने के मामले में हाईकोर्ट ने शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। जस्टिस पी.पी. साहू की एकलपीठ ने रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध में अगली सुनवाई तक अंतरिम राहत देते हुए मामले की सुनवाई 27 नवंबर 2026 के लिए तय की है।
मामले में बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कोर्ट को बताया कि 27 सितंबर 2026 को गिरफ्तारी के दौरान कानूनी प्रावधानों का पालन नहीं किया गया था, जिसके बाद रिमांड मजिस्ट्रेट ने उन्हें रिहा कर दिया था। वकीलों ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देने से पहले पक्ष रखने का अवसर मांगा। हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया पाया कि मजिस्ट्रेट ने पुलिस के आवेदन पर सुनवाई किए बिना और उसका रिकॉर्ड दर्ज किए बिना अनुमति दी थी। राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के पालन का पक्ष रखते हुए जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा है। अब गिरफ्तारी की वैधता और पुलिस की दोबारा गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर अगली सुनवाई में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
टिप्पणियाँ (0)