उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार से मथुरा में पार्टी का दो दिवसीय चिंतन शिविर शुरू हो रहा है। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को शिविर में पहुंचेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करना और भविष्य की राजनीतिक रणनीति तैयार करना है।
चिंतन शिविर में बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने, घर-घर तक पहुंच बनाने और नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच जनाधार मजबूत करने पर भी विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही विपक्ष के हमलों का जवाब देने और बदलते राजनीतिक हालात में पार्टी की रणनीति को धार देने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस दो दिवसीय मंथन से उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव की तैयारियों को नई दिशा देने की कोशिश होगी।

टिप्पणियाँ (0)