थाईलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल फुकेट के पातोंग इलाके में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग फांग मुआंग साई कोर रोड स्थित एक व्यावसायिक इमारत में लगी और देखते ही देखते आसपास की कई इमारतों तक फैल गई। इस दर्दनाक घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकलकर्मियों ने करीब 40 से 50 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में आग लगी थी, वहां वाहन किराये पर देने का कारोबार संचालित होता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।