नई दिल्ली : - महिला आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि देश की महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने का संकल्प अटल है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि सरकार महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को नीति-निर्माण में उचित भागीदारी दिलाना जरूरी है और इस दिशा में सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण की मांग लंबे समय से उठती रही है और वह खुद भी इस संघर्ष का हिस्सा रहे हैं।

दरअसल, महिला आरक्षण कानून को लागू करने की प्रक्रिया में संशोधन की तैयारी के बीच पीएम मोदी का यह बयान सामने आया है। केंद्र सरकार 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को प्रभावी बनाने के लिए परिसीमन से जुड़े प्रावधानों में बदलाव पर विचार कर रही है। सरकार की योजना के मुताबिक, 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले नई व्यवस्था के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार किया जाना है। इसी मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, जिसमें लोकसभा की बैठक पहले दिन और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस सत्र में महिला आरक्षण को लेकर महत्वपूर्ण विधायी कदम उठाए जा सकते हैं।