रायपुर/भाटापारा : रेलवे में बिना टिकट और अनियमित तरीके से सफर करने वालों के खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने सघन जांच अभियान चलाया। भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग और रायपुर स्टेशन पर नाका चेकिंग के दौरान 16 ट्रेनों समेत दोनों स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर जांच की गई। इस कार्रवाई में कुल 325 यात्री नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए। रेलवे ने इनसे 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का जुर्माना वसूला। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाया गया।
जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 207 यात्रियों से 2 लाख 14 हजार 635 रुपये वसूले गए, जबकि अनियमित टिकट के साथ सफर करने वाले 102 यात्रियों पर कार्रवाई कर 74 हजार 800 रुपये जुर्माना लिया गया। इसके अलावा निर्धारित सीमा से अधिक लगेज लेकर चलने वाले 15 यात्रियों से 2 हजार 170 रुपये और अन्य एक मामले में 435 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजेश कुमार साह सहित 20 टिकट चेकिंग कर्मचारी शामिल रहे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर यात्रा करने, निर्धारित श्रेणी के कोच में सफर करने और अधिक सामान होने पर उसकी नियमानुसार बुकिंग कराने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, टिकट नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

टिप्पणियाँ (0)