रायपुर : रायपुर की ACB -EOW की विशेष अदालत में आधी रात मामले की सुनवाई हुई और आरोपी को 30 नवम्बर तक ACB -EOW की रिमांड पर भेज दिया गया। आमतौर पर इतनी रात विशेष मामलों में ही अदालत  सक्रिय रहती है, इस कड़ी में रायपुर की विशेष अदालत का नाम भी जुड़ गया है। उसकी सक्रियता क़ानूनी गलियारों में प्रशंसनीय पहल के रूप में देखी जा रही है। प्रदेश के 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में लम्बे अरसे से फरार विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत ला कर शुक्रवार को मुंबई एयरपोर्ट पर सीबीआई के हवाले किया गया था। इसके बाद एजेंसी ने आरोपी को विधिवत ईओडब्ल्यू के हवाले कर दिया।

ईओडब्ल्यू की टीम ने देर रात आरोपी को रायपुर एयरपोर्ट में उतारा और मेडिकल जाँच के बाद सीधे विशेष अदालत में पेश कर दिया। यह पहला मौका था जब देर रात अदालत में पूरा स्टाफ मौजूद रहा | जांच एजेंसी ने कोर्ट से 6 दिसंबर तक रिमांड मांगी थी, लेकिन विशेष अदालत ने 30 नवंबर तक ही रिमांड मंजूर की। ईओडब्ल्यू के मुताबिक, विकास शराब सिंडिकेट का प्रमुख वित्तीय समन्वयक यानी ‘मनीमैन’ था, जिस पर डिस्टिलरी से कमीशन वसूलने और सरकारी अधिकारियों समेत सिंडिकेट से जुड़े लोगों तक रकम पहुंचाने का आरोप है।

जांच एजेंसी ने विकास अग्रवाल को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी के तहत दर्ज मामले में आरोपी बनाया है। आरोप है कि 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों से राज्य को 3200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। विकास पर कमीशन वसूली और उसके वितरण के साथ अवैध कमाई को विभिन्न कंपनियों और वित्तीय माध्यमों से छिपाने में भूमिका निभाने का आरोप है। वह अक्टूबर 2023 से फरार था और परिवार के साथ दुबई में रह रहा था। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद सीबीआई की इंटरपोल शाखा ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया, जिसके आधार पर यूएई अधिकारियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तार किया। नवंबर 2024 में इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट पेश की जा चुकी है।