क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई। न्यूजीलैंड के पहली पारी में 356 रन के जवाब में भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट गंवाकर 116 रन बनाए हैं। टीम इंडिया अभी भी 240 रन पीछे है और उस पर फॉलो-ऑन का खतरा मंडरा रहा है। हेगले ओवल में भारतीय टीम की खराब फील्डिंग और कमजोर बल्लेबाजी ने मैच में उसकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

न्यूजीलैंड की पहली पारी के दौरान भारतीय फील्डरों ने कई अहम मौके गंवाए, जिसमें आकाश दीप की गेंदों पर तीन कैच छूटने के अलावा रन आउट के मौके भी हाथ से निकल गए। इसके बाद बल्लेबाजी में भी भारतीय खिलाड़ी बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। केएल राहुल ने 25, ऋषभ पंत ने 23, देवदत्त पडिक्कल ने 21 और शुभमन गिल ने 17 रन बनाए, जबकि यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। वॉशिंगटन सुंदर (10) दिन के आखिरी ओवर में नाथन स्मिथ का शिकार बने। अब ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर नाबाद हैं और भारतीय टीम को फॉलो-ऑन से बचने के लिए अभी 41 रन और बनाने होंगे।