नई दिल्ली : - भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी अब आईपीएल में नए अवतार में नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मंगलवार को जानकारी दी कि धोनी अब टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही बतौर खिलाड़ी आईपीएल में उनका 18 साल का सफर खत्म होने जा रहा है। धोनी ने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था, लेकिन आईपीएल में खेलना जारी रखा। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच बार खिताब जीता। चेन्नई पर दो साल का प्रतिबंध लगने के दौरान वह राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की ओर से भी खेले थे। अब वह अपने अनुभव से टीम की अगली पीढ़ी को तैयार करेंगे।
धोनी के इस फैसले को लेकर CSK की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने बताया कि उन्होंने 14 तारीख को ही साफ कर दिया था कि वह इस सीजन आईपीएल नहीं खेलेंगे और उनका नाम रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर दिया जाए। धोनी ने अपने पूरे आईपीएल करियर में 278 मुकाबले खेले और 5,439 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा। उनके नाम 24 अर्धशतक भी दर्ज हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तरह आईपीएल को भी बिना किसी बड़े विदाई समारोह के अलविदा कहने का उनका यह अंदाज चर्चा में है।

टिप्पणियाँ (0)