भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। महज 15 साल की उम्र में 53 गेंदों पर 204 रन ठोकने वाले वैभव की तारीफ दुनियाभर में हो रही है, लेकिन उनकी इस कामयाबी पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद ने सवाल खड़े कर दिए हैं। तनवीर को यकीन ही नहीं हो रहा कि इतनी कम उम्र का खिलाड़ी इतनी विस्फोटक बल्लेबाजी कर सकता है। उन्होंने वैभव की उम्र पर संदेह जताते हुए कहा कि वह 15 साल के नहीं, बल्कि 20 से 21 साल के हो सकते हैं। उनके मुताबिक, इतनी कम उम्र में किसी खिलाड़ी के लिए एक पारी में 28 छक्के लगाना संभव नहीं है। उनके इस बयान के बाद वैभव की उम्र को लेकर बहस छिड़ गई है।

दरअसल, दोहा में खेले जा रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में वैभव ने UAE के खिलाफ महज 53 गेंदों में 204 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और 7 चौके निकले। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत इंडिया-ए ने 250 रन का लक्ष्य महज 14.2 ओवर में हासिल कर लिया। वैभव के इस प्रदर्शन ने क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गजों को भी हैरान कर दिया है। इसी बीच तनवीर अहमद का बयान चर्चा में आ गया है। टीवी चर्चा के दौरान जब उनसे वैभव की उम्र को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने यहां तक कह दिया कि कलाई का टेस्ट करा लिया जाए, लेकिन वह उन्हें 15 साल का मानने को तैयार नहीं हैं। अब सवाल यह है कि वैभव के बल्ले से निकले रिकॉर्डतोड़ रनों की चर्चा होनी चाहिए या उनकी उम्र पर बेबुनियाद संदेह जताकर विवाद खड़ा किया जाना चाहिए?