अंबिकापुर ; - छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक निजी स्कूल के हॉस्टल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में रह रहे नौवीं कक्षा के छात्र ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में छात्र की रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। मामले में परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के चार अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों के मुताबिक, दिवाली की छुट्टियों के बाद छात्र को वापस हॉस्टल छोड़ा गया था, लेकिन 22 नवंबर को वह वहां से निकलकर अपनी बुआ के घर पहुंच गया। उसने फोन पर पिता को बताया था कि वह हॉस्टल में नहीं रहना चाहता। पिता अरुण कुमार गुप्ता ने स्कूल प्रबंधन से अनुरोध किया था कि उनके पहुंचने तक बच्चे को बुआ के घर से वापस न लाया जाए, लेकिन आरोप है कि प्रबंधन के लोग उसे वहां से वापस हॉस्टल ले आए। परिजनों का यह भी आरोप है कि छात्र को कमरे में बंद कर दिया गया और दोबारा भागने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई। इसके बाद छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल शामिल हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।