छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। खरसिया क्षेत्र के रानी सागर गांव में शराब पीने से रोकने पर बेटे ने गुस्से में अपने 62 वर्षीय पिता धरम गिरी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर पर कुल्हाड़ी का वार लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घर में हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पिता ने बेटे को शराब पीने से मना किया था, इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

टिप्पणियाँ (0)