नागपुर में 3.74 करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश के बालाघाट से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर खेत में भूसे के ढेर के नीचे छिपाकर रखे गए 3.28 करोड़ रुपये भी बरामद कर लिए गए। वारदात के बाद आरोपी नकदी लेकर फरार हो गए थे और रकम को गांव में छिपा दिया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद दिनेश चावलपाने (25) और कृष्णा उर्फ रजनीकांत अनिल चंद्रवार (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, डकैती में शामिल मुख्य आरोपी मजदूरी के लिए नागपुर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद बालाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। पुलिस ने कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की है, जबकि छह आरोपियों की तलाश अब भी जारी है।

डकैती 18 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे नागपुर के शांतिनगर थाना क्षेत्र के तुलसीनगर में हुई थी। अनाज कारोबारी की 3.74 करोड़ रुपये की नकदी जालना भेजी जा रही थी, तभी सफेद एसयूवी में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने गाड़ी को निशाना बना लिया। आरोपियों ने चालक और सहयोगियों की आंखों में मिर्च पाउडर या केमिकल फेंका, चाकू से हमला किया और नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद रकम दूसरी कार में शिफ्ट की गई, जिसे आरोपियों ने पहले से किराये पर लेकर कई बार कारोबारी के घर की रेकी की थी। पांच दिनों तक CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगालने के बाद पुलिस बालाघाट के वारासिवनी क्षेत्र पहुंची। पूछताछ में अरविंद ने कथित तौर पर नकदी छिपाने की बात स्वीकार की और खेत में भूसे के नीचे रखी तीन बोरियों से 3.28 करोड़ रुपये बरामद कराए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ डकैती की सटीक सूचना लीक करने वाले की भी जांच कर रही है।