कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्नान पर्व पर ड्यूटी करने वाले पुलिस बल को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में विशेष ब्रीफिंग दी गई, जहां अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलर्ट रहने को कहा गया है।

वहीं, गंगा घाटों पर स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जल पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी। जल पुलिस के जवान लगातार घाटों पर निगरानी रखेंगे, ताकि डूबने जैसी घटनाओं में तत्काल बचाव अभियान शुरू किया जा सके। इसके अलावा मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की अतिरिक्त सतर्कता रहेगी। प्रशासन का लक्ष्य कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।