भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम अब सीधे रेलमार्ग से जुड़ने जा रही हैं। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को मजबूत करने वाली अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा का उद्घाटन आज 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह करेंगे। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन यात्रा लगभग 19 घंटे में पूरी करेगी। कभी राम बारात को अयोध्या से जनकपुर पहुंचने में कई दिनों का समय लगता था, लेकिन अब दोनों धार्मिक नगरों के बीच रेल संपर्क बनने से श्रद्धालुओं के लिए यात्रा कहीं अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

उद्घाटन के लिए अयोध्या से स्पेशल ट्रेन दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी। वापसी में 24 नवंबर को जनकपुर से ट्रेन दोपहर 1 बजे चलेगी। नियमित साप्ताहिक सेवा 28 नवंबर से शुरू करने की तैयारी है। ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिनमें मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर प्रमुख हैं। 17 कोच वाली ट्रेन में एसी और स्लीपर श्रेणी की सुविधा होगी। जयनगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े दस्तावेजों की जांच के लिए ठहराव रहेगा। इस रेल सेवा से रामायण सर्किट को बढ़ावा मिलने के साथ भारत-नेपाल के धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक जुड़ाव और सीमावर्ती क्षेत्रों के आवागमन को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।