गोंदिया (महाराष्ट्र) : - महाराष्ट्र के गोंदिया में 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे प्रेम संबंध और पति-पत्नी के बीच विवाद की कहानी सामने आई है। आरोप है कि पति के दूसरी महिला से संबंधों से नाराज उसकी पत्नी मोना अग्रवाल ने वर्षा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और इसके लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी। 14 नवंबर को दिवाली की छुट्टियां मनाने मायके आई वर्षा अपने मित्र नितेश अग्रवाल के साथ लौट रही थीं, तभी बोंडरानी गांव के पास जंगल में बाइक सवार हमलावरों ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
जांच में पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए तकनीक का सहारा लिया। पुलिस के अनुसार, मोना ने कार में लगे टोयोटा आई-कनेक्ट ऐप की आईडी और पासवर्ड कथित हत्यारों को उपलब्ध कराए थे, जिसके जरिए कार की लाइव GPS लोकेशन ट्रैक की गई और हमलावर वर्षा तक पहुंच गए। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। मामले में मोना अग्रवाल, कुणाल कुंभलकर, शाहरुख पठाण और इमरान शेख समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस इस मामले में नितेश अग्रवाल और मृतका के पति से भी पूछताछ कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस साजिश से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।

टिप्पणियाँ (0)