करीब चार महीने तक मांगलिक कार्यों पर लगी रोक के बाद राजधानी दिल्ली एक बार फिर शहनाइयों की गूंज से गुलजार होने जा रही है। देवउठनी एकादशी के साथ शुक्रवार से विवाह का शुभ सीजन शुरू हो गया है। शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली में हजारों शादियां होने जा रही हैं। बैंक्वेट हॉल, होटल, फार्म हाउस और मैरिज गार्डन दुल्हन की तरह सज चुके हैं। शादी समारोहों की बढ़ती मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई प्रमुख जगहों पर बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी है। बैंड-बाजा, ढोल और घोड़ी की बुकिंग के लिए भी लोगों को मशक्कत करनी पड़ रही है।
शादियों की इस रौनक के बीच राजधानी की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ने वाला है। दक्षिणी दिल्ली में शुक्रवार को 20 हजार से अधिक विवाह समारोह होने का अनुमान है, जिससे सड़कों पर हजारों अतिरिक्त वाहनों की आवाजाही बढ़ सकती है। पीरागढ़ी चौक और रोहतक रोड जैसे व्यस्त इलाकों में जाम रोकने के लिए यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। बैंक्वेट हॉल संचालकों को पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने और बेसमेंट पार्किंग का पूरा इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अगले दो दिन दिल्ली में एक तरफ शहनाइयां गूंजेंगी, तो दूसरी तरफ सड़कों पर ट्रैफिक की परीक्षा भी होगी।

टिप्पणियाँ (0)