नई दिल्ली : - राजधानी दिल्ली के लाजपत नगर-II में गुरुवार को एक चार मंजिला इमारत के बेसमेंट में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जी-5 बिल्डिंग के बेसमेंट में भड़की आग की चपेट में आने से दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को बाहर निकाला और सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने गौरव नाम के कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेम सिंह शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान इमारत में मौजूद अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट में मिलान क्राफ्ट वर्क्स नाम से एक कार्यालय संचालित है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर मालिक के रिश्तेदार और अन्य लोग रहते हैं। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय बेसमेंट में वेल्डिंग का काम चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वेल्डिंग का काम करने वाले श्रमिकों के साथ-साथ ठेकेदार को भी पूछताछ और सत्यापन के लिए बुलाया गया है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आग किस वजह से लगी और क्या बेसमेंट में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे।