संभल : - संभल में हरिहर मंदिर की ओर निकली संतों की पदयात्रा को रोकने के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। मां कैलादेवी धाम से निकले संतों और श्रद्धालुओं को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग की थी, लेकिन भीड़ ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। महंत ऋषिराज गिरि के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना ने 19 नवंबर को मां कैलादेवी धाम से हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था। सोशल मीडिया पर प्रचार के बाद बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु जुटे, जबकि प्रशासन ने यात्रा की अनुमति नहीं दी थी। हालात को देखते हुए शहर में जगह-जगह पुलिस तैनात की गई और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई।
पदयात्रा को लेकर बढ़े तनाव के बाद जामा मस्जिद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। इलाके में अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने पहले ही शहर में गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया था। हरिहर मंदिर और जामा मस्जिद से जुड़ा विवाद फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। हिंदू पक्ष इस स्थल को हरिहर मंदिर बताता है, जबकि मुस्लिम पक्ष इसे जामा मस्जिद मानता है। इसी विवाद के बीच प्रशासन ने शहर में धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए लोगों से प्रतिबंधों का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

टिप्पणियाँ (0)