नई दिल्ली : - सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट ने खरीदारों को राहत दी है। 19 नवंबर को सोना ₹1,179 टूटकर ₹1,29,985 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी ₹2,158 की गिरावट के साथ ₹1,61,575 प्रति किलो पहुंच गई। सोना अब ₹1.30 लाख के पार से नीचे उतर चुका है। बीते 7 कारोबारी दिनों में सोने की कीमत करीब ₹12 हजार घट चुकी है, वहीं चांदी भी लगभग ₹24 हजार सस्ती हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती, अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और ऊंचे भाव पर निवेशकों की बिकवाली ने दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ाया है।

कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट से उन लोगों को राहत मिल सकती है, जो शादी-ब्याह या त्योहारों के लिए सोने-चांदी की खरीदारी का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, बाजार में अभी भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है, ऐसे में एकमुश्त खरीदारी के बजाय चरणों में निवेश करना समझदारी हो सकती है। ग्राहकों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि बाजार में घोषित भाव और ज्वेलरी शॉप का अंतिम बिल अलग हो सकता है, क्योंकि उसमें जीएसटी और मेकिंग चार्ज जुड़ते हैं। गहने खरीदते समय हॉलमार्क व HUID की जांच करना जरूरी है।