प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोने की खरीद सीमित करने की अपील को लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने आभार जताया है। संगठन ने 22 नवंबर को पीएम मोदी को पत्र लिखकर कहा कि उनकी सलाह से देशभर के लाखों ज्वेलर्स, सर्राफा कारोबारियों और निवेशकों को संभावित बड़े आर्थिक नुकसान से बचने में मदद मिली। CTI के मुताबिक, जब प्रधानमंत्री ने सोने की खरीद कम करने की अपील की थी, उस समय कीमत करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलो थी, जो अब घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलो रह गई है। यानी कीमत में करीब 65 लाख रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है। संगठन का कहना है कि अगर कारोबारियों ने उस समय ऊंचे भाव पर भारी स्टॉक खरीद लिया होता, तो उन्हें कीमतों में गिरावट के चलते बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता था।

CTI ने अपने पत्र में बताया कि देशभर के ज्वेलर्स और छोटे-बड़े सर्राफा कारोबारी कई महीनों का स्टॉक रखते हैं, ऐसे में कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट उनके कारोबार और पूंजी पर सीधा असर डाल सकती थी। संगठन के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील का विरोध करने वाले कुछ कारोबारी भी अब इसे फायदेमंद मान रहे हैं। वहीं, सोने की कीमतों में गिरावट से शादी के सीजन में आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इस दौरान देश में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। CTI ने पीएम मोदी से सोने-चांदी जैसे संवेदनशील बाजारों को लेकर समय-समय पर मार्गदर्शन जारी रखने की अपील की है। इससे पहले मोदी विदेशी मुद्रा बचाने और आयात पर निर्भरता घटाने के लिए भी कई अपील कर चुके हैं, जिन पर विपक्षी नेताओं ने सवाल उठाए थे।