छत्तीसगढ़ में दिसंबर महीने के दौरान रेल यात्रियों को सफर में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 6 से 18 दिसंबर तक रेलवे के काम के चलते कुल 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इनमें 10 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि 11 ट्रेनें 1 से 9 घंटे तक की देरी से चलेंगी। इसके अलावा 6 ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा। बिलासपुर रेल मंडल में चौथी रेल लाइन और सिग्नलिंग से जुड़े कार्यों के चलते यह बदलाव किया जा रहा है।

रेलवे चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने के साथ चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम पूरा करेगा। इस दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को 7 से 18 दिसंबर तक पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना के पूरा होने से भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही आसान होगी, यात्री और मालगाड़ियों का दबाव कम होगा और रेल परिचालन क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।