गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राजधानी रायपुर में आज 22 नवंबर को भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। दोपहर 2 बजे स्टेशन रोड गुरुद्वारा से शुरू होने वाली यह शोभायात्रा गुरु गोविंद सिंह चौक, फाफाडीह चौक, जेल रोड, शास्त्री चौक और घड़ी चौक होते हुए तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा धन-धन बाबा बूढ़ा साहिब पहुंचेगी। बारिश के कारण 20 नवंबर को स्थगित की गई इस यात्रा को लेकर सिख समाज में खासा उत्साह है। इस बार 17 अलग-अलग पालकियों की जगह एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी, जिसके आगे पांच गुरुद्वारों के पंज प्यारे और बस्तर का आदिवासी नृत्य दल आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
नगर कीर्तन को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है। दोपहर 2 बजे के बाद स्टेशन रोड, फाफाडीह, जेल रोड, शास्त्री चौक, घड़ी चौक और तेलीबांधा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते यातायात धीमा हो सकता है। ऐसे में इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। नगर कीर्तन के दौरान धार्मिक श्रद्धा, पंज प्यारों की अगुवाई और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ राजधानी में प्रकाश पर्व की भव्य छटा देखने को मिलेगी।

टिप्पणियाँ (0)