उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक अनोखी घुड़चढ़ी ने पूरे इलाके में लोगों का ध्यान खींच लिया। सुरीर थाना क्षेत्र के नगला फोंदा गांव में शनिवार को दो दूल्हों की घुड़चढ़ी के दौरान उनके जीजा ने ऐसा महंगा तोहफा दिया, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है। राजस्थान के कामां क्षेत्र के नंदोला गांव निवासी योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने अपने दोनों सालों प्रशांत और कान्हा राघव को एक-एक करोड़ रुपये की नोटों से बनी माला पहनाई। यानी दोनों दूल्हों के लिए कुल दो करोड़ रुपये की मालाएं तैयार कराई गई थीं। दोनों दूल्हे योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे हैं और उनकी शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में होनी है।
इस शाही तोहफे की सबसे खास बात मालाओं की लंबाई और उनका वजन था। बताया जा रहा है कि 500 रुपये के नोटों से तैयार प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। इतनी भारी और लंबी मालाओं को पहनाना आसान नहीं था, इसलिए दोनों दूल्हों को मकान की छत पर खड़ा किया गया, जबकि नीचे कई लोगों ने मालाओं को संभालकर फैलाया। घुड़चढ़ी के दौरान जब दोनों दूल्हों के गले में करोड़ों रुपये की मालाएं डाली गईं, तो वहां मौजूद लोग इस नजारे को देखते रह गए। इस अनोखे आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और अब हर तरफ एक ही चर्चा है—आखिर जीजा ने अपने सालों की घुड़चढ़ी को इतना यादगार बनाने के लिए दो करोड़ रुपये का तोहफा कैसे दे दिया!

टिप्पणियाँ (0)