छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार तीन लोगों की जान ले ली। हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां रायपुर से डभरा जा रही मुस्कान ट्रैवल्स की बस और बाइक के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस फरार बस चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

टिप्पणियाँ (0)