संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर करीब 200 दंपती आज पूरी रात हाथों में जलता दीपक लेकर भगवान शिव की आराधना करेंगे। उत्तराखंड के श्रीनगर स्थित प्राचीन कमलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर सदियों पुरानी खड़ दीपक अनुष्ठान की परंपरा निभाई जाएगी। इस अनुष्ठान में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे निःसंतान दंपती शामिल होंगे। खास बात यह है कि इस बार दो विदेशी जोड़े भी भगवान शिव से संतान सुख का आशीर्वाद मांगने पहुंचे हैं। मंदिर के महंत 108 आशुतोष पुरी के मुताबिक, अब तक करीब 200 दंपती पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, लखनऊ, देहरादून, बेंगलुरु और चेन्नई समेत कई शहरों के दंपती शामिल हैं। अनुष्ठान के दौरान पति-पत्नी पूरी रात हाथों में जलता दीपक लेकर खड़े रहेंगे और भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र 'ॐ नमः शिवाय' का जाप करेंगे।
धार्मिक परंपरा के अनुसार, गोधूलि बेला में महंत अखंड दीप प्रज्वलित कर अनुष्ठान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद पति-पत्नी बारी-बारी से दीपक लेकर रातभर खड़े रहेंगे। सुबह पूजा-अर्चना के बाद दीपक अर्पित किया जाएगा और दंपती गंगा स्नान, हवन तथा गोदान की रस्म पूरी करेंगे। मान्यता है कि इस विशेष साधना से भगवान शिव संतान सुख का आशीर्वाद देते हैं। बैकुंठ चतुर्दशी पर यहां हरि-हर मिलन की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसमें भगवान शिव को तुलसी और भगवान विष्णु को बेलपत्र अर्पित किए जाते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान राम और श्रीकृष्ण ने भी इस मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दीपदान के लिए भी पहुंचते हैं। एक व्यक्ति के नाम से 365 दीपक जलाने की परंपरा है, जिसे पूरे साल सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना से जोड़ा जाता है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर में रोशनी, भोजन, ठहरने और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

टिप्पणियाँ (0)