रायपुर : छत्तीसगढ़ के GST विभाग में रिश्वतखोरी के मामलों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि करीब 10 महीने के अंतराल में सामने आए दो अलग-अलग रिश्वत मामलों में शिकायतकर्ता एक ही है। कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज की शिकायत पर पहले रायपुर में GST के दो निरीक्षकों के खिलाफ वसूली का मामला दर्ज हुआ था। अब इसी कारोबारी की शिकायत पर कांकेर में GST की असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी और चार्टर्ड अकाउंटेंट इमरान मेमन को ACB ने डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभाग ने अंचला गिरी को निलंबित भी कर दिया है।
पहला मामला रायपुर के सिलतरा इलाके का है, जहां कारोबारी के स्क्रैप से लदे ट्रक को रोककर छोड़ने के बदले एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगा था। शिकायत के मुताबिक, कारोबारी ने 50 हजार रुपये भी दिए थे। इसके बाद शिकायत के आधार पर दो GST निरीक्षकों के खिलाफ FIR दर्ज हुई और दोनों को जेल जाना पड़ा। अब दूसरा मामला कांकेर से सामने आया है, जहां ACB ने असिस्टेंट कमिश्नर अंचला गिरी को कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। उनके साथ CA इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि दोनों मामलों में शिकायतकर्ता एक ही होने से GST विभाग की निगरानी व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दोनों मामलों में आरोपों की पुष्टि न्यायालय में होना बाकी है।
