रायपुर : छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। दो दिन पहले फिसलकर गिरने से उनके पैर में चोट आई, जिसके चलते उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। नंदकुमार साय के स्वास्थ्य की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनसे मुलाकात की और बेहतर इलाज के लिए उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें यात्रा के दौरान होने वाली परेशानी से बचाने के लिए यह व्यवस्था की।
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर प्रवास पर थे। इस दौरान वे नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज उन्हें रायपुर लौटना था, इसलिए नंदकुमार साय को भी हेलीकॉप्टर से साथ ले आए, ताकि उन्हें लंबा सफर तय करने में दिक्कत न हो। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री की इस पहल को वरिष्ठ आदिवासी नेता के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार के रूप में देखा जा रहा है।

टिप्पणियाँ (0)