छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान कथित लापरवाही का आरोप लगा है। चाकूबाजी में घायल 22 वर्षीय विवेक साहू की कमर में करीब तीन इंच लंबा चाकू का टुकड़ा धंसा रह गया, लेकिन उसे बाहर निकाले बिना ही घाव पर टांके लगा दिए गए। हैरानी की बात यह है कि युवक कई दिनों तक असहनीय दर्द झेलता रहा और दवाइयां लेने के बावजूद उसकी तकलीफ कम नहीं हुई। आखिरकार 18 नवंबर को परिजनों ने उसका एक्सरे कराया, जिसमें शरीर के भीतर चाकू का टुकड़ा फंसे होने का खुलासा हुआ।

दरअसल, 10 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे डोंगरगढ़ में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवाओं के दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान हुई चाकूबाजी में विवेक साहू और टिल्लू मांडवी घायल हो गए थे। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां विवेक के घाव की ड्रेसिंग और टांके लगाए गए। एक्सरे में चाकू का टुकड़ा दिखाई देने के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ऑपरेशन कर धातु के टुकड़े को बाहर निकाला गया। फिलहाल युवक की हालत में सुधार है। उधर, विवेक के पिता संजय साहू की शिकायत पर पुलिस ने चाकूबाजी के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई कथित लापरवाही को लेकर भी जांच का सवाल खड़ा हो गया है।