भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा कदम उठाया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी ने नेपाल के विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कॉरपोरेशन पैकेज का ऐलान किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार और कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले हुए। पीएम मोदी ने नेपाल को भारत के कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। इससे नेपाल को अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए नए रास्ते मिलेंगे और माल के आयात-निर्यात में आसानी होगी।

बैठक के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को भी नई मजबूती मिली। अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर लंबी सीधी रेल सेवा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह ने वर्चुअल हरी झंडी दिखाई। इस रेल सेवा के तहत नियमित यात्री परिचालन 28 नवंबर से शुरू होगा। इससे राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच यात्रा आसान होगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भी अपने संबोधन में भारत-नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का जिक्र किया। दोनों देशों की इस मुलाकात को आपसी सहयोग और विकास की दिशा में अहम माना जा रहा है।