छत्तीसगढ़ में आज 23 नवंबर को राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का व्यस्त दिन रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर से रायपुर पहुंचने के बाद दोपहर 1:20 बजे कोंडागांव जिले के धनोरा रवाना होंगे। यहां वे राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती के अवसर पर आयोजित कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद रायपुर लौटकर शाम 4:45 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में हिस्सा लेंगे। वहीं, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव दोपहर 12 बजे भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकार वार्ता करेंगे, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज बेमेतरा के नगर पंचायत मारो में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक प्रवीण तोगड़िया आज से चार दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास की शुरुआत करेंगे। रायपुर में जिला कार्यकारिणी की बैठक और प्रेस वार्ता के बाद वे रायगढ़ तथा अंबिकापुर के दौरे पर जाएंगे। इधर, राजधानी के महादेव घाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले तीन दिवसीय पुन्नी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। खारुन नदी के तट पर दुकानें सजने लगी हैं और श्रद्धालुओं के पवित्र स्नान के लिए गंगरेल बांध से पानी छोड़ा गया है। पेयजल व्यवस्था के लिए पांच टैंकर भी उपलब्ध रहेंगे। करीब 200 वर्षों से चली आ रही इस मेले की परंपरा में हर साल रायपुर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।