बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। इस खास मुलाकात की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जिनमें मैक्रों उनका गर्मजोशी से स्वागत करते और दोनों साथ में तस्वीरें खिंचवाते नजर आ रहे हैं। अनिल कपूर ने बताया कि भारत में पहली मुलाकात के दौरान ही दोनों के बीच अच्छी आत्मीयता बन गई थी और पेरिस में दोबारा मिलने पर भी वही अपनापन महसूस हुआ।

इस दौरान दोनों के बीच कला, संस्कृति, सिनेमा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऊर्जा और वास्तुकला जैसे कई अहम विषयों पर चर्चा हुई। खास बात यह रही कि राष्ट्रपति मैक्रों ने उन्हें अपना कार्यालय भी घुमाया, जहां अनिल कपूर को नेपोलियन के दौर की ऐतिहासिक कलाकृतियां और धरोहरें देखने का मौका मिला।

अनिल कपूर ने इस मुलाकात को बेहद खास और ज्ञानवर्धक बताते हुए राष्ट्रपति मैक्रों का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि पेरिस में उन्हें और उनके भतीजे को घर जैसा अपनापन मिला। साथ ही उन्होंने मैक्रों के साथ अपनी दोस्ती पर खुशी जाहिर की और भारत में उनका फिर से स्वागत करने की इच्छा जताई। गौरतलब है कि अनिल कपूर चार दशक से अधिक समय से भारतीय सिनेमा में सक्रिय हैं। 'मिस्टर इंडिया', 'राम लखन', 'नायक' और 'तेजाब' जैसी फिल्मों से लेकर 'स्लमडॉग मिलियनेयर', 'एनिमल' और 'फाइटर' तक उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। भारतीय फिल्मों के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी काम कर चुके अनिल कपूर की इस मुलाकात ने एक बार फिर उन्हें चर्चा में ला दिया है।